10 October 2024

Bihar updates: शिक्षा दिवस 2024 के अवसर पर मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार- 2024 के चयन

शिक्षा दिवस 2024 के अवसर पर मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार- 2024 के चयन हेतु नामांकन संबंधी सूचना

1. भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद के जन्म दिन (11 नवम्बर) पर शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा शिक्षा दिवस का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर राज्यस्तरीय आयोजन में बिहार राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में बहुमूल्य योगदान प्रदान करने वाले व्यक्ति / व्यक्तियों को मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार - 2024 के रूप में 2.50 लाख (दो लाख पचास हजार) रुपये की राशि एवं प्रशस्ति-पत्र दिनांक-11.11.2024 (सोमवार) को प्रदान किया जाना है। यह पुरस्कार बिहार के ऐसे महिला/पुरुष को दिया जाता है जो अपनी नौकरी या अन्य औपचारिक दायित्व से बाहर जाकर बिहार के बच्चों की शिक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य करते हैं।

2. वर्ष 2024 के मौलाना अबुल कलाम आज़ाद शिक्षा पुरस्कार हेतु बिहार राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में बहुमूल्य एवं उल्लेखनीय योगदान करने वाले व्यक्ति राज्य के दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों के अनुशंसा प्राप्त कर कंडिका 05 में विहित प्रपत्र में अपना आवेदन कंडिका-04 में निर्धारित पते पर समर्पित किया जाना है। पुरस्कार चयन समिति को यह अधिकार होगा कि यदि पुरस्कार के योग्य व्यक्ति का नाम नहीं है तो चयन समिति अपने स्तर से भी पुरस्कार हेतु सीधे विचार कर सकती है। इसके बावजूद यदि पुरस्कार हेतु योग्य व्यक्ति नहीं मिलते हैं तो पुरस्कार स्थगित करने का अधिकार चयन समिति को सुरक्षित होगा।

3. यह भी सूचित करना है कि शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय के शिक्षकों को 5 सितम्बर "शिक्षक दिवस" के अवसर पर देश एवं राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाता है, अतएव इस पुरस्कार हेतु वैसे शिक्षकों के आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा।

4. 30.10.2024 (बुधवार) संध्या 5.00 बजे तक आवेदन निदेशक, जन शिक्षा - सह - अपर सचिव, बिहार राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, कमरा सं0-88, भूतल, नया सचिवालय, विकास भवन, पटना के पते पर निबंधित/स्पीड पोस्ट / हाथों-हाथ / ई-मेल (slmabihar@gmail.com) प्राप्त होना चाहिए। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा।

5. प्रस्ताव भेजने हेतु प्रारूप निम्नांकित है:

  • (i) पुरस्कार हेतु नामित व्यक्ति का नाम
  • (ii.) नामित व्यक्ति का वर्तमान एवं स्थायी पता (मो० नं० के साथ) एवं एक रंगीन चित्र
  • (iii) नामित व्यक्ति की शैक्षणिक योग्यता
  • (iv) नामित व्यक्ति का कार्यानुभव (तथ्य एवं साक्ष्य सहित)
  • (v) नामित का शिक्षा क्षेत्र में बिहार राज्य में किये गये उल्लेखनीय कार्य (तथ्यात्मक)
  • (vi.) नामित करने वाले प्रथम व्यक्ति का मंतव्य (साक्ष्य आधारित)
  • (vii.) नामित करने वाले द्वितीय व्यक्ति का मंतव्य (साक्ष्य आधारित)
  • (viii) अनुशंसा करने वाले प्रथम व्यक्ति का हस्ताक्षर / नाम / पता (मो० नं० के साथ)
  • (ix.) अनुशंसा करने वाले द्वितीय व्यक्ति का हस्ताक्षर / नाम / पता (मो० नं० के साथ)

उक्त सूचना state.bihar.gov.in/prdbihar पर भी देखी जा सकती है।