16 March 2024

संजय गांधी हॉस्पिटल रीवा में HMIS का काम सेडमैप को मिला है। कंपनी 30 कम्प्यूटर ऑपरेटरों की भर्ती करने वाली है।

संजय गांधी अस्पताल में नए ऑपरेटरों की नियुक्ति को लेकर हंगामा, पुराने कर्मचारी असमंजस में

रीवा: संजय गांधी अस्पताल में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फार्मेशन सिस्टम (HMIS) लागू किया जा रहा है। इसके तहत नई भर्तियां कम्प्यूटर ऑपरेटरों की होनी है। नए ऑपरेटरों की भर्तियों के चक्कर में पुराने अब असमंजस में फंस गए हैं। उन्हें बाहर किए जाने का आदेश जारी कर दिया गया। इसके विरोध में दो दिनों तक काम बंद भी रखा गया। समझाइश दी गई है लेकिन असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कर्मचारियों ने कमिश्नर और डिप्टी सीएम से भी मुलाकात की है।

ज्ञात हो कि संजय गांधी अस्पताल में अभी तक ओपीडी पर्ची का काम एनीमार्ट कंपनी को सौंपा गया था। एनीमार्ट कंपनी ही काम करा रही थी। कंपनी के पास ही कम्प्यूटर ऑपरेटरों की जिम्मेदारी थी। अब अस्पताल में नया सिस्टम लागू किया जा रहा है। HMIS के तहत नया सेटअप बिठाया जा रहा है। इसके तहत कई काम ऑनलाइन किए जाएंगे। ऑनलाइन डॉक्टरों से अप्वाइमेंट की भी योजना इसमें शामिल की जाएगी। इसके अलावा मरीजों की जांच आदि भी सभी मरीजों के मोबाइल पर भेजी जाएगी। ऑनलाइन सभी का डाटा फीड किया जाएगा। इसके लिए कम्प्यूटर ऑपरेटरों की भी भर्ती की जाएगी। HMIS का नया टेंडर भी हो गया है। HMIS का काम सेडमैप को मिला है। कंपनी 30 कम्प्यूटर ऑपरेटरों की भर्ती करने वाली है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन फार्म भी मांगे गए। कई सैकड़ा आवेदन पहुंचे। इसी आवेदन पर बवाल मच गया। पहले से संजय गांधी अस्पताल में काम करने वाले ऑपरेटरों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने काम बंद कर दिया। ऑपरेटरों का कहना था कि नई नियुक्ति हो रही है। ऐसे में उनका क्या होगा। इसी बात के विरोध में कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने हंगामा कर दिया। काम बंद हड़ताल कर दिए। बाद में प्रबंधन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद भी कर्मचारियों को स्पष्ट लिखित में कुछ भी नहीं दिया गया है। परेशान कम्प्यूटर ऑपरेटर डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला के पास भी गए। उनके सामने भी समस्या रखी थी। आश्वासन मिला है। इसके अलावा कर्मचारियों ने कमिश्नर से भी मुलाकात की है।

कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उन्हें लिखित में आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक वे काम बंद रखेंगे। प्रबंधन का कहना है कि पुराने कर्मचारियों को भी काम पर रखा जाएगा। उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी।