25 July 2023

अतिथि विद्वान के घर में 20 लाख के गहने खुले में पड़े थे, झाड़ू पोछा वाली ले गई - mp news

 प्रदेश की राजधानी भोपाल में, सरकारी कॉलेज में बतौर अतिथि विद्वान पढ़ाने वाली एक महिला के घर में 20 लाख रुपए मूल्य के गहने अलमारी में पड़े थे और अलमारी का ताला खुला हुआ था। झाड़ू पोछा करने आई 2 महिलाओं ने अलमारी साफ की और फरार हो गई। अब महिला अतिथि विद्वान के पास केवल सीसीटीवी फुटेज हैं। 

पूरा घर अनजान महिलाओं के हवाले कर दिया, नजर तक नहीं रखी

अयोध्या नगर पुलिस के मुताबिक न्यू मिनाल रेसीडेंसी निवासी डॉ. वंदना गांधी रायसेन के पीजी कालेज में अतिथि विद्वान हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे दो अज्ञात महिलाएं उनके घर पहुंची। महिलाओं का कहना था उन्हें झाड़ू-पोछा का काम चाहिए, आपको जरूरत हो तो बताओ। वंदना को झाड़ू-पोछा के लिए महिला की आवश्यकता थी। वंदना ने बोला कि अच्छा काम करोगी तो मैं रख लूंगी। इसके बाद दोनों महिलाएं घर के अंदर आकर झाड़ू-पोछा करने लगी। सुबह करीब 10:30 बजे वंदना के पति डॉ. संतोष गांधी अपने ऑफिस चले गए थे। थोड़ी देर बाद महिलाएं बोली, हम वॉशरूम से आ रहे हैं और वहां से चलीं गईं। 

अलमारी लॉक नहीं खींची अब सिर्फ सीसीटीवी रिकॉर्डिंग हाथ में रह गई

वंदना को शंका हुई तो पहली मंजिल पर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी। उसमें से 2000000 रुपए मूल्य के आभूषण गायब थे। अलमारी में रखे जेवर गायब थे। जब तक वंदना घर बाहर आई तब तक महिलाएं वहां से गायब हो चुकी थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बाहर खड़े हुए उनके फुटेज आए हैं। उसमें एक महिला कार से टिककर खड़ी है। जबकि दूसरी दरवाजे पर दिख रही थी। इसके बाद दोनों महिलाएं मेन गेट से बड़ी तेजी में बाहर जाती हुई दिखीं हैं। अयोध्या नगर थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी का कहना है कि महिलाएं ऑटो में बैठकर वहां से भागी हैं। पुलिस सुराग जुटा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। 

मोरल ऑफ द न्यूज़ स्टोरी 

इस समाचार से हमें यह सीख मिलती है कि:- 
  • यदि पति पत्नी दोनों प्रोफेशनल है तो घर के अंदर मूल्यवान वस्तुएं नहीं होनी चाहिए। कम से कम गोल्ड हमेशा बैंक के लॉकर में होना चाहिए। 
  • अपने आराम के लिए बिना वेरिफिकेशन के किसी भी अनजान महिला को काम पर नहीं रखना चाहिए। 
  • बाहरी व्यक्ति कितना भी विश्वसनीय क्यों ना हो लेकिन यदि वह घर में है तो मूल्यवान वस्तुएं ताले में बंद होनी चाहिए। 
  • सीसीटीवी कैमरा लगाते समय एक बात हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि, कैमरा केवल रिकॉर्डिंग करता है, चोरों को पकड़ने का काम नहीं करता। इसलिए सतर्कता जरूरी है।